जमशेदपुर: मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 15 के मुहाने पर स्थित कृष्णा उद्यान में दिनदहाड़े डकैती की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और कृष्णा उद्यान स्थित लीलावती अम्मा के घर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

विकास सिंह ने परिवार से घटना की जानकारी लेने के बाद दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े डकैती होना पुलिस को सीधे-सीधे चुनौती देने जैसा है।

विकास सिंह ने कहा कि अपराधियों के भीतर पुलिस का बिल्कुल भय नहीं रह गया है। इसी वजह से अपराधी खुलेआम आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिन के समय इस तरह की वारदात होना शहर की कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई करने की मांग की। विकास सिंह ने कहा कि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और डकैती में शामिल अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।