बिश्केक में मोदी-पुतिन की अहम मुलाकात, यूक्रेन युद्ध पर बोले PM मोदी- शांति की ओर बढ़ना जरूरी
बिश्केक: शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच सोमवार को द्विपक्षीय बैठक हुई। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-रूस संबंधों के साथ-साथ वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। बैठक के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने भारत और रूस के बीच संबंधों को विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी के विशेष ध्यान और भारत-रूस के बीच व्यावसायिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के दौरान यूक्रेन में जारी संघर्ष का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि युद्ध के दिन मानवता को पीछे धकेलते हैं, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम नई उम्मीद पैदा करता है। प्रधानमंत्री ने शत्रुता समाप्त करने और शांति की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संघर्ष का समाधान संवाद और शांतिपूर्ण प्रयासों के जरिए निकाला जाना चाहिए। मोदी और पुतिन ने बैठक में भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा की। इनमें रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, अंतरिक्ष और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क प्रमुख रूप से शामिल रहे। दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग को और मजबूत करने तथा द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यह 2026 में पहली मुलाकात रही। SCO शिखर सम्मेलन के दौरान हुई इस बैठक को भारत-रूस संबंधों और वैश्विक कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य में आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।यूक्रेन संघर्ष पर PM मोदी का शांति पर जोर
रक्षा से लेकर ऊर्जा और अंतरिक्ष तक सहयोग की समीक्षा
इस साल पहली बार आमने-सामने मिले मोदी और पुतिन















