चक्रवात अर्नब का लातेहार में दिखा असर, 12 घंटे से बिजली गुल: बारिश और घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
लातेहार: चक्रवात अर्नब का असर लातेहार जिले में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण शहर की दिनचर्या प्रभावित हुई है। दुकानें देर से खुल रही हैं और शाम होते ही जल्दी बंद हो जा रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बिजली आपूर्ति बाधित होने से हो रही है। जिले के महुआडांड़ प्रखंड में पिछले 12 घंटे से बिजली गुल है। लगातार बिजली नहीं रहने के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। घरों में मोटर और बिजली से चलने वाले अन्य उपकरण भी बंद पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश या मौसम खराब होते ही बिजली आपूर्ति बाधित होना क्षेत्र की पुरानी समस्या बन गई है। वहीं, जिला मुख्यालय के धर्मपुर इलाके में भी पिछले कई घंटों से बिजली सेवा बाधित है। इसी मोहल्ले में बुनियादी विद्यालय के पास बारिश के कारण एक पेड़ गिर गया। हालांकि, पेड़ गिरने से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा आलू और सरसों की फसल भी प्रभावित होने की आशंका है। लगातार बारिश के कारण खेती-किसानी पर प्रतिकूल असर पड़ने की चिंता जताई जा रही है। घने कोहरे से वाहन चालकों को परेशानी नेतरहाट रोड पर घना कोहरा छाए रहने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दृश्यता कम होने से लोग दिन में भी वाहनों की हेडलाइट जलाकर सफर कर रहे हैं। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तक जिला मुख्यालय में बारिश रुकने के बाद सड़कों पर थोड़ी चहल-पहल देखने को मिली। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोलीं और बाजार में धीरे-धीरे गतिविधियां शुरू हुईं। इसके बावजूद बारिश, बिजली संकट और कोहरे के कारण जिले के लोगों की परेशानियां बनी हुई हैं।















