चाईबासा में लगातार बारिश ने छीनी सिर से छत, कच्चा मकान ढहने से दो परिवार बेघर
चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिले
में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सोनुआ प्रखंड के बालजोड़ी पंचायत अंतर्गत नुवागांव में कच्चा मकान ढहने
से दो परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीण बबलू कालिंदी और
बसंत कालिंदी के कच्चे मकान का एक हिस्सा बारिश के
कारण ढह गया। जानकारी
के अनुसार, रविवार रात दोनों
परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान लगातार हो रही तेज बारिश के कारण
मकान का छप्पर और दीवारें धीरे-धीरे कमजोर होने लगीं। स्थिति को भांपते हुए परिवार
के लोग समय रहते घर से बाहर निकल गए, जिससे सभी की जान बच गई। मकान
के ढहने से घर में रखा अनाज, घरेलू सामान और अन्य
जरूरी वस्तुएं क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद दोनों
परिवारों के सामने सिर छिपाने की समस्या खड़ी हो गई है।मुसीबत की इस घड़ी में
पड़ोसियों ने दोनों परिवारों की मदद की और उन्हें तत्काल सहारा दिया। हालांकि,
बारिश लगातार जारी रहने के कारण पीड़ित
परिवारों की परेशानी बढ़ती जा रही है। पीड़ित
परिवारों ने प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने रहने के लिए
सुरक्षित स्थान और हुए नुकसान के एवज में सरकारी सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।स्थानीय
लोगों ने भी प्रशासन से प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेकर जल्द राहत
पहुंचाने की मांग की है, ताकि
बारिश के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।















