CM मोहन यादव ने दृष्टिबाधित बुंदेली गायक सुनील लोधी का किया सम्मान, फिल्म में गूंज चुकी है आवाज
रांची: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल स्थित अपने निवास पर सागर जिले के युवा बुंदेली गायक सुनील लोधी और उनके माता-पिता का सम्मान किया। दृष्टिबाधित सुनील लोधी ने अपनी आवाज और गायकी से लोगों के बीच खास पहचान बनाई है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ में उनके गाए गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ ने दर्शकों को भावुक कर दिया। सागर जिले के एक गांव से आने वाले सुनील लोधी बचपन से ही तंबूरा लेकर गांव-गांव घूमकर भजन और बुंदेली लोकगीत गाते रहे हैं। उनकी पारंपरिक हनुमान भजन ‘ओ मोरे संकट के कटइया हनुमान’ सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। इस भजन को करोड़ों बार देखे जाने के बाद सुनील लोधी की प्रतिभा लोगों की नजरों में आई। इसके बाद उन्हें मुंबई में रिकॉर्डिंग का अवसर मिला और उनकी आवाज को फिल्म ‘हनुमान अंश’ में जगह मिली। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुनील लोधी की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सुनील की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी की आंखों की जांच कराने और इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। सरकार की ओर से उनकी आंखों की रोशनी वापस लाने की संभावना के लिए इलाज कराने की कोशिश की जाएगी। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान सुनील लोधी अपने पारंपरिक वाद्य यंत्र के साथ मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने उनके साथ उनके माता-पिता का भी सम्मान किया और परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हरसंभव मदद करेगी। सुनील लोधी की कहानी इस बात की मिसाल है कि प्रतिभा किसी शारीरिक चुनौती की मोहताज नहीं होती। गांव की गलियों से शुरू हुआ उनका संगीत का सफर अब फिल्मी पर्दे तक पहुंच चुका है।गांव-गांव तंबूरा लेकर गाते रहे भजन
CM ने की प्रतिभा की सराहना, एक लाख रुपये की सम्मान निधि
पारंपरिक वाद्य यंत्र के साथ पहुंचे सुनील















