चतरा:  जिले के पकरिया गांव निवासी एक युवक की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतक की पहचान संजय कुमार, पिता ब्रह्मदेव भारती, निवासी पकरिया के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि संजय कुमार 31 अगस्त को तीन दोस्तों के साथ काम करने के लिए गुजरात गया था। वहां पहुंचने के कुछ समय बाद ही परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। अचानक मिली इस खबर से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के परिजन संजय की मौत को सामान्य नहीं मान रहे हैं। परिवार ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। परिजनों के मुताबिक, गुजरात जाने से पहले 28 अगस्त को उनके गांव में सकेंद्र भारती, महेंद्र भारती और सुनील भारती के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान धमकी दिए जाने की बात भी परिजनों ने कही है।

परिजनों का कहना है कि इस घटना के कुछ ही दिनों बाद संजय काम करने के लिए गुजरात रवाना हुआ था। इसके बाद वहां उसकी मौत की सूचना मिली। परिवार का आरोप है कि संजय की मौत के पीछे कोई साजिश हो सकती है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संजय की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार और प्रशासन से उचित मुआवजा देने की भी अपील की गई है।

बताया गया है कि संजय के परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बच्चों की उम्र करीब 10 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। संजय की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजन अब जांच रिपोर्ट तथा घटना की पूरी सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संजय कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी।