हजारीबाग चरही: हजारीबाग जिले के सीमावर्ती चरही थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में सीसीएल कर्मी अशोक साव की दर्दनाक मौत हो गई। 45 चेक पोस्ट के पास बुधवार रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार कार ने ड्यूटी पर जा रहे अशोक साव की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, अशोक साव तापीन साउथ स्थित पानी टंकी में कार्यरत थे। बुधवार रात वह अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अशोक साव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मृतक के आश्रित को नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने तापीन साउथ ट्रांसपोर्टिंग मार्ग को जाम कर दिया।

खराब मौसम के बावजूद ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे। इस दौरान सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग भी उठाई गई। सड़क जाम के कारण ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर कोयला वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ।

विधायक तिवारी महतो की पहल पर वार्ता सफल

मामले को लेकर मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो की पहल पर मृतक के परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सीसीएल अधिकारियों के बीच वार्ता हुई।

वार्ता के बाद सीसीएल की निर्धारित प्रक्रिया के तहत मृतक के पुत्र विशाल कुमार को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। नौकरी से संबंधित मांग पर सहमति बनने और अन्य मांगों पर कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

नियुक्ति पत्र मिलने के बाद सामान्य हुआ आवागमन

ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम समाप्त किए जाने के बाद तापीन साउथ ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया। वहीं, कोयला वाहनों की आवाजाही भी दोबारा शुरू हो गई।

इस घटना ने एक बार फिर कोयला परिवहन मार्गों पर सड़क सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

स्पेशल रेपोर्ट्स