बिशुनपुर: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। हेलता से बालतूपाठ तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास बुधवार को शिलापट्ट के समीप लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत और कल्याण मंत्री सह स्थानीय विधायक चमरा लिंडा ने संयुक्त रूप से किया। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने और शिलान्यास होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
सड़क बनने से आवागमन होगा आसान
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कल्याण मंत्री सह स्थानीय विधायक चमरा लिंडा ने कहा कि हेलता से बालतूपाठ सड़क का निर्माण ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती थी।
उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। बेहतर सड़क सुविधा मिलने से ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।
मंत्री ने कहा कि सड़क बनने से गांव के बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी सुविधा होगी। इसके अलावा आसपास के गांवों के लोगों को भी सड़क निर्माण का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
गुणवत्तापूर्ण निर्माण का सांसद ने दिया निर्देश
वहीं, लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती है। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों को अब बड़ी सौगात मिली है।
सांसद ने निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक को निर्देश दिया कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की शिकायत सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सांसद ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर भी जोर दिया।
ग्रामीणों ने जताया आभार
सड़क निर्माण का शिलान्यास होने के बाद ग्रामीणों ने सांसद सुखदेव भगत और कल्याण मंत्री चमरा लिंडा के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या दूर होगी और क्षेत्र के विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से हेलता मुख्य सुशील मुंडा, सांसद प्रतिनिधि अनिरुद्ध मोती चौबे समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।















