रांची: बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की मीडिया टीम में काम करने वाले एक कर्मी का शव रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित जोन्हा से बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला युवक जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। उसके लापता होने के बाद परिजनों ने टाटानगर-मुरी रेल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान लापता हुआ था कर्मी

परिजनों के मुताबिक, युवक जनशताब्दी एक्सप्रेस से सफर कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और उन्होंने रेल थाना में शिकायत दर्ज कराई।

मोबाइल की आखिरी लोकेशन से मिला सुराग

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस दौरान ट्रेन में सफर करने वाले दो यात्रियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई गई। साथ ही लापता युवक के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन ट्रेस की गई, जो रांची के जोन्हा इलाके में मिली।