बलरामपुर के डाभा में 5 किमी मैराथन से दुर्गोत्सव का आगाज, 500 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा; राम मंदिर थीम बना आकर्षण
बलरामपुर (पुरुलिया): स्मार्टफोन और सोशल
मीडिया की बढ़ती लत से युवाओं को दूर कर खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के प्रति
प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बलरामपुर के डाभा सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमेटी ने
अनोखी पहल की है। महाषष्ठी की सुबह पांच किलोमीटर की मैराथन दौड़ के साथ इस वर्ष
के दुर्गोत्सव का शुभारंभ किया गया। आयोजन में 500 से अधिक युवक-युवतियों ने उत्साह के साथ
हिस्सा लिया। मैराथन को लेकर सुबह
से ही पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल रहा। दलदिरी गांव से शुरू हुई दौड़ डाभा
गांव तक पहुंची। करीब पांच किलोमीटर की इस दौड़ में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आयोजन के माध्यम से खेल, स्वस्थ
जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। मैराथन समाप्त होने
के बाद विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में पुरुलिया जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी गौतम
राय ने फीता काटकर उत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद पुरुष और महिला वर्ग
में प्रथम, द्वितीय और तृतीय
स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया
गया। आयोजकों की इस पहल का
उद्देश्य युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने के बजाय खेलकूद,
फिटनेस और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना
है। इस वर्ष डाभा
सार्वजनीन दुर्गा पूजा का मुख्य आकर्षण अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर तैयार
किया गया विशाल पूजा मंडप है। महाषष्ठी से ही इस आकर्षक मंडप को देखने के लिए
स्थानीय लोगों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य झारखंड से भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच
रहे हैं। मंदिर की स्थापत्य
शैली पर आधारित मंडप श्रद्धालुओं और दर्शकों के बीच खास आकर्षण बना हुआ है।
दुर्गोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने बताया कि
मैराथन के अलावा आने वाले दिनों में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक
गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कमेटी का प्रयास है कि दुर्गोत्सव को धार्मिक आस्था
के साथ खेल, स्वास्थ्य
और सामाजिक सहभागिता से भी जोड़ा जाए। मैराथन और राम मंदिर
थीम वाले मंडप के जरिए डाभा सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमेटी ने इस वर्ष के दुर्गोत्सव
को खास स्वरूप देने का प्रयास किया है।विजेताओं
को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित
राम
मंदिर थीम पर बना भव्य पूजा मंडप
सांस्कृतिक
कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों की भी तैयारी















