जमीन के नाम पर करीब 2 करोड़ की ठगी का आरोप, पूर्व JSCA अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के बेटे ने दर्ज कराई FIR
रांची: पूर्व आईपीएस अधिकारी और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के बेटे अभिषेक चौधरी ने जमीन के नाम पर करीब दो करोड़ रुपये की कथित ठगी का आरोप लगाते हुए हिंदपीढ़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। FIR में शाहनवाज शेख, आफताब शेख, सफदर शेख, तबस्सुम इसरार और शबनम शेख के नाम शामिल हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अभिषेक चौधरी के अनुसार, वर्ष 2021 में हिंदपीढ़ी के शेख मेंशन निवासी शाहनवाज शेख और उनके भाई-बहनों ने अमिताभ चौधरी के सामने खलारी और चान्हो अंचल के केदल एवं रामदगा गांव में स्थित करीब 736 डिसमिल जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा था। बताया गया कि जमीन की कीमत 20 हजार रुपये प्रति डिसमिल तय की गई थी। FIR के मुताबिक, जमीन खरीदने के लिए अमिताभ चौधरी ने अलग-अलग किस्तों में करीब दो करोड़ रुपये का भुगतान किया था। अभिषेक का दावा है कि यह रकम दरभंगा और मधुबनी स्थित उनकी पैतृक करीब 150 कट्ठा जमीन बेचकर जुटाई गई थी। FIR में आरोप लगाया गया है कि शाहनवाज शेख ने 9 सितंबर 2021 को अमिताभ चौधरी के ई-मेल पर जमीन से संबंधित एकरारनामा भेजा था। इसके बाद अंतिम किस्त के रूप में 21 लाख रुपये का चेक 20 जुलाई 2022 को दिए जाने की बात भी FIR में कही गई है। हालांकि, जमीन की रजिस्ट्री पूरी होने से पहले ही 16 अगस्त 2022 को अमिताभ चौधरी का निधन हो गया। अभिषेक चौधरी के मुताबिक, पिता के निधन के कुछ दिनों बाद 28 अगस्त 2022 को उन्होंने शाहनवाज शेख से मुलाकात की। आरोप है कि इस दौरान शाहनवाज ने जमीन का सौदा 25 हजार रुपये प्रति डिसमिल तय होने की बात कही और करीब 1.32 करोड़ रुपये प्राप्त करने की बात स्वीकार की। अभिषेक का आरोप है कि इसके बाद जब रकम वापस करने या जमीन की रजिस्ट्री कराने की मांग की गई तो लगातार टाल-मटोल की जाती रही। FIR के अनुसार, बाद में जमीन की कीमत 50 हजार रुपये प्रति डिसमिल बताए जाने लगी। अभिषेक का आरोप है कि इसी आधार पर उनसे कथित तौर पर करीब एक करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की मांग की गई। मामले में 17 अगस्त 2023 को हुई एक अन्य मुलाकात का भी जिक्र किया गया है। आरोप है कि इस दौरान शाहनवाज ने जमीन को बैंक के पास गिरवी रखे जाने की बात बताई। अब हिंदपीढ़ी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जमीन से जुड़े दस्तावेजों, कथित भुगतान, एकरारनामे और लेन-देन से संबंधित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। FIR में दर्ज आरोप जांच का विषय हैं और आरोपियों का पक्ष सामने आना बाकी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।736 डिसमिल जमीन का दिया गया था प्रस्ताव
ई-मेल से भेजा गया एकरारनामा, अंतिम किस्त का भी हुआ भुगतान
पिता की मौत के बाद बेटे ने मांगी रकम और जमीन
जमीन की कीमत बढ़ने का दावा, एक करोड़ रुपये और मांगने का आरोप
पुलिस ने शुरू की जांच















