आदित्यपुर में नवविवाहिता की मौत पर हंगामा, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय नवविवाहिता पिंकी महतो की मौत के बाद मंगलवार को हंगामा हो गया। सतबोहनी स्थित वासंती मंदिर के पास जयनेस्ट अपार्टमेंट में रहने वाली पिंकी की मौत से नाराज मायके पक्ष के लोगों ने उसके ससुराल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पिंकी महतो पान दुकान क्षेत्र की रहने वाली थी। इसी साल जुलाई में उसने मनीष शर्मा से प्रेम विवाह किया था। मनीष पेशे से चालक बताया जा रहा है। बताया जाता है कि 23 अक्टूबर को मनीष किसी काम से लखीसराय गया था। इसी दौरान 24 अक्टूबर को पिंकी के छत से गिरने की घटना सामने आई। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पिंकी को इलाज के लिए पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में इलाज के बावजूद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे स्थान पर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पिंकी की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। वे शव लेकर उसके ससुराल पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।जुलाई में किया था प्रेम विवाह
एमजीएम से रिम्स किया गया था रेफर
मौत के बाद ससुराल में हंगामा















