आदित्यपुर: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर गुरुवार को आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एशिया भवन में उच्चस्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरी ने बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील व्यवहार का निर्देश

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि शाम के समय पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करें। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था, बिजली सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण से जुड़े मानकों का स्थल पर जाकर सत्यापन करने का निर्देश दिया।

विसर्जन को लेकर उपायुक्त ने कहा कि चिन्हित घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र और चालकों की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने आम लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही 'रील' बनाने के दौरान किसी तरह का जोखिम नहीं उठाने की भी सलाह दी।

800 अतिरिक्त जवानों की तैनाती

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरी ने बताया कि आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र में दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 800 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूजा पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि चेन स्नैचिंग, मोबाइल चोरी और छेड़खानी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में डीडीसी रीना हांसदा, एसडीओ अभिनव प्रकाश, एसडीसी जयवर्धन कुमार, यातायात प्रभारी राजू समेत जिले के तमाम अधिकारी और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराने की तैयारी पूरी करने का दावा किया है।