हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमेट्री रोड स्थित खास महल की सरकारी जमीन पर स्थानीय मोहल्लावासियों द्वारा कराए जा रहे मंदिर निर्माण कार्य को प्रशासन ने रोक दिया। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि यह भूमि सरकारी है और इस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है।जानकारी के अनुसार, मोहल्लावासियों द्वारा उक्त भूमि पर मंदिर निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इसकी सूचना मिलते ही हजारीबाग अंचलाधिकारी सीओ एवं बड़ा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।मोहल्लावासियों का कहना है कि जिस जमीन पर मंदिर निर्माण किया जा रहा था वहां वर्षों से कचरा जमा रहता था। उनके अनुसार, नगर निगम द्वारा न तो नियमित सफाई की जाती थी और न ही पानी निकासी के लिए नाली की कोई व्यवस्था थी जिससे इलाके में गंदगी और दुर्गंध बनी रहती थी।इन्हीं समस्याओं को देखते हुए मोहल्लावासियों ने उस स्थान को साफ कर मंदिर निर्माण कराने का निर्णय लिया।इस मामले पर हजारीबाग के अंचलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि संबंधित भूमि खास महल की जमीन है जो पूरी तरह से सरकारी संपत्ति है।उन्होंने कहा खास महल की जमीन या किसी भी सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि आगे भी सरकारी भूमि की पहचान कर अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद मंदिर निर्माण कार्य पूरी तरह रोक दिया गया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है वहीं मोहल्लावासी नगर निगम से सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।