गिरिडीह थाना के पास व्यापारी से लूट
गिरिडीह जिले के जमुआ
थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े
कर दिए हैं। थाना से महज 200 मीटर
की दूरी पर चावल व्यवसायी के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया जिसके बाद इलाके में
दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8 बजे जमुआ निवासी चावल व्यवसायी बंशी साव
अपनी दुकान बंद कर अंदर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग चावल खरीदने के बहाने पहुंचे
और दुकान खुलवाई।शटर खुलते ही दो नकाबपोश अपराधी दुकान के अंदर घुस गए और शटर बंद
कर व्यापारी परिवार को बंधक जैसा बना लिया।अपराधियों ने व्यवसायी बंशी साव के साथ
मारपीट की और व्यापारी को देने के लिए रखे करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। इसके अलावा उनकी
पत्नी के गले से सोने की चेन भी छीन ली।वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पीछे
के रास्ते से फरार हो गए।घटना थाना से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर होने के कारण स्थानीय
लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इलाके में चोरी छिनतई और लूट की
घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं लेकिन पुलिस अपराध रोकने में विफल साबित
हो रही है।व्यापारियों ने कहा कि अब वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और
शाम होते ही दुकानें बंद करने को मजबूर हैं।थाना प्रभारी विभूति देव ने बताया कि
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर
दी गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।














