बाघमारा धनबाद महुदा थाना क्षेत्र के कांड्रा पंचायत सचिवालय के समीप बीती रात करीब 3 बजे एक ट्रक JH 09 S 5098 अनियंत्रित होकर पलट गया। सुबह जब स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो मामला संदिग्ध नजर आया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पर एफसीआई भारतीय खाद निगम जसीडीह कोडरमा का बोर्ड लगा हुआ था और उसमें भारी मात्रा में चावल लदा था। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि चावल सरकारी बोरियों की बजाय प्लास्टिक के बोरे में भरा हुआ था जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई कि यह मामला सरकारी अनाज की अवैध धुलाई और कालाबाजारी से जुड़ा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी अनाज को इस तरह निजी बोरे में ले जाना गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करता है।इस मामले को लेकर सांसद प्रतिनिधि रामा शंकर तिवारी ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह गरीबों के हक के अनाज की कालाबाजारी का मामला प्रतीत होता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर जांच की चर्चा है लेकिन आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।