रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र के सौंदा डी में रांची नगड़ी थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के फरार वारंटी के घर इश्तेहार चस्पा किया। इस दौरान पुलिस ने ढोल नगाड़ा बजाकर इलाके में मुनादी कराते हुए आरोपी को जल्द आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।जानकारी के अनुसार नगड़ी थाना में दर्ज बीएनएस 27 आर्म्स एक्ट के मामले में आरोपी अविनाश भूईयां उर्फ अविनाश कुमार उर्फ राज लंबे समय से फरार चल रहा है। आरोपी के खिलाफ रांची न्यायालय से वारंट जारी किया गया था।इसी वारंट के तमिला के लिए पुलिस ने शुक्रवार को सौंदा डी स्थित आरोपी के घर पहुंचकर विधिवत ढोल-नगाड़ा बजाते हुए स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया। इस दौरान आरोपी के परिजन भी मौके पर मौजूद थे।पुलिस ने इश्तेहार के माध्यम से आरोपी को निर्देश दिया है कि वह जल्द से जल्द रांची न्यायालय में आत्मसमर्पण करे अन्यथा कोर्ट के आदेश पर उसके खिलाफ कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान नगड़ी थाना के दलदली ओपी प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय भुरकुंडा ओपी के एएसआई बालेश्वर गंझु सुनील मुंडा समेत सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे।