रांची उन्नत संगणना एवं अनुप्रयोगों पर आयोजित चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ICACA 2026 का भव्य उद्घाटन शुक्रवार को नामकुम स्थित झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया।अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि आज के दौर में उन्नत संगणना कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक तकनीक राष्ट्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से तकनीकी और डिजिटल क्रांति की दिशा में आगे बढ़ रहा है और ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शोधकर्ताओं वैज्ञानिकों तथा विद्यार्थियों को अपने शोध और विचारों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन राज्य के लिए गौरव की बात है। इससे राज्य में अनुसंधान नवाचार और तकनीकी शिक्षा को नई दिशा मिलेगी तथा युवाओं को आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में दूरसंचार अभियंत्रण संस्थान नई दिल्ली के अध्यक्ष सुनील ने कहा कि वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति हो रही है। ऐसे सम्मेलन ज्ञान के आदान प्रदान और नए अनुसंधान को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० डॉ० डी० के० सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। यह सम्मेलन शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत के विशेषज्ञों के बीच संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है।सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो० डॉ० जे० के० मंडल ने बताया कि दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश विदेश के कई प्रतिष्ठित वैज्ञानिक शिक्षाविद और शोधकर्ता भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में उन्नत संगणना कृत्रिम बुद्धिमत्ता डेटा विश्लेषण और आधुनिक तकनीकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामटहल चौधरी झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक प्रो० डॉ० रंजीत कुमार सिंह मलेशिया से आए शिक्षाविद डॉ० सी० नावा दूरसंचार अभियंत्रण संस्थान के टीपीओसी के अध्यक्ष डॉ० शिव कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन सत्र में तकनीकी विषयों पर विचार-विमर्श भी किया गया। सम्मेलन के दूसरे दिन समापन सत्र का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और शिक्षाविद अपने विचार साझा करेंगे।आईआईटीई रांची चैप्टर के सचिव प्रो० डॉ० विजय सिंह ने कहा कि यह दो दिवसीय सम्मेलन केवल एक शैक्षणिक आयोजन नहीं बल्कि विचार, अनुसंधान और नवाचार का सशक्त मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मेलन से निकले विचार और शोध विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।