हजारीबाग डॉक्टर्स डे पर लायंस क्लब ने चिकित्सकों को किया सम्मानित
हजारीबाग राष्ट्रीय चिकित्सक
दिवस डॉक्टर्स डे के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ हजारीबाग रोरिंग द्वारा शहर के
प्रतिष्ठित चिकित्सकों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। आरोग्यम
अस्पताल परिसर में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में चिकित्सा एवं समाज सेवा के
क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉक्टरों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम
का नेतृत्व क्लब की अध्यक्षा स्वाति वर्मा ने किया। उन्होंने
कहा कि चिकित्सक केवल बीमारियों का उपचार नहीं करते बल्कि मानव जीवन की रक्षा और समाज को
स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डॉक्टरों को समाज का
सच्चा जीवनदाता बताते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।समारोह के दौरान शहर के
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रजत चक्रवर्ती और डॉ.
ए. पी. चैतन्य को स्मृति चिन्ह मोमेंटो प्रदान कर
सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वाति वर्मा ने दोनों चिकित्सकों की जनसेवा समर्पण और चिकित्सा
क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।उन्होंने कहा कि विशेष रूप से
आपातकालीन परिस्थितियों और महामारी के दौर में डॉक्टरों ने अपनी जान जोखिम में
डालकर समाज की सेवा की है जो पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है।कार्यक्रम
के दौरान एक भावुक क्षण तब आया जब इस वर्ष दिवंगत हुए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.
सी. एस. प्रसाद एवं मेजर डॉ. पी. के. सिन्हा को श्रद्धांजलि
अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने उनके चिकित्सा क्षेत्र में दिए गए योगदान और समाज
सेवा के कार्यों को याद करते हुए उन्हें हजारीबाग की चिकित्सा जगत की अमूल्य धरोहर
बताया।इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो
मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।सम्मान
प्राप्त करने के बाद डॉ. रजत चक्रवर्ती एवं डॉ. ए. पी. चैतन्य ने लायंस क्लब ऑफ
हजारीबाग रोरिंग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज से मिलने वाला
ऐसा सम्मान चिकित्सकों को और अधिक जिम्मेदारी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य
करने की प्रेरणा देता है।दोनों चिकित्सकों ने कहा कि मरीजों की निस्वार्थ सेवा
करना ही उनके जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है और वे भविष्य में भी इसी भावना के साथ
समाज की सेवा करते रहेंगे।कार्यक्रम का समापन डॉक्टरों के सम्मान समाज सेवा के संकल्प
और सभी नागरिकों के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की मंगलकामना के साथ किया गया।














