गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा सुंदरटांड में जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। 90 डिसमिल जमीन को लेकर बढ़ते विवाद और तनाव के बीच पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल का कार्य रुकवा दिया गया।जानकारी के अनुसार अनूप महतो ने दावा किया है कि खाता नंबर 1 प्लॉट नंबर 63 की कुल 2 एकड़ 70 डिसमिल जमीन में से 90 डिसमिल भूखंड उन्हें खतियान के आधार पर प्राप्त है और वे लंबे समय से उस जमीन पर कब्जे में हैं।उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने जमीन की घेराबंदी के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू कराया था लेकिन कलेन्द्र खान और प्रवीण यादव ने पहुंचकर काम रुकवा दिया।अनूप महतो का आरोप है कि विरोध के बाद रात में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल तोड़ दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जमीन को लेकर उन्हें धमकी दी गई और 10 लाख रुपये में जमीन छोड़ने का दबाव बनाया गया।वहीं प्रवीण यादव ने खुद को विवाद से अलग बताया है। दूसरी ओर कलेन्द्र खान ने दावा किया कि उक्त जमीन उन्हें मीणा देवी द्वारा एग्रीमेंट के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि जमीन पहले ही नीलाम हो चुकी है और इसकी रजिस्ट्री वर्ष 1947 में हो चुकी है।बुधवार सुबह जब दोबारा बाउंड्री वॉल निर्माण शुरू हुआ तो पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काम बंद करवा दिया।पुलिस ने दोनों पक्षों को दस्तावेजों के साथ थाना में उपस्थित होने और कानूनी प्रक्रिया के तहत विवाद सुलझाने का निर्देश दिया है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।