जमशेदपुर के निजी स्कूलों में री एडमिशन के नाम पर अभिभावकों से पैसे वसूले जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता राजा कांडिली ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शहर के कई प्राइवेट स्कूल हर वर्ष फ्री एडमिशन या री एडमिशन के नाम पर अभिभावकों से अवैध रूप से पैसे वसूलते हैं। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन द्वारा एक पर्ची देकर उसी के आधार पर स्कूल परिसर में ही स्टॉल लगाकर किताबें बेची जाती हैं जिससे अभिभावकों को मजबूरी में वहीं से किताबें खरीदनी पड़ती हैं।राजा कांडिली ने बताया कि कई अभिभावकों ने इस मामले की शिकायत की है लेकिन स्कूल प्रबंधन के दबाव के कारण वे खुलकर विरोध नहीं कर पाते। आरोप है कि विरोध करने पर बच्चों के साथ मानसिक उत्पीड़न किया जाता है और नाम काटने की धमकी दी जाती है।उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले के सामने आने के बाद शहर में शिक्षा व्यवस्था और निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर बहस तेज हो गई है। अब सभी की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।