जामताड़ा पेयजल निरीक्षण अभियान
जामताड़ा पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत सोमवार को
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने जामताड़ा सदर प्रखंड के उदलबनी पंचायत का
निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद
रहे।निरीक्षण के क्रम में डीभीसी टोला और भगना टोला सहित कई क्षेत्रों में पेयजल
स्रोतों की स्थिति का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने चापाकल कुओं और जलमीनारों का
निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से समस्याओं की जानकारी ली।ग्रामीणों ने बताया कि कई
चापाकल खराब हैं या उनमें पानी बहुत कम निकलता है जिससे परेशानी हो रही
है। इस पर उपायुक्त ने खुद चापाकल चलाकर स्थिति का आकलन किया और खराब चापाकलों की
प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही जल स्रोतों की
गुणवत्ता जांच के लिए सैंपल लेने को कहा गया।निरीक्षण के बाद पंचायत भवन में
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई जिसमें जल संकट के
समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि गर्मी को देखते हुए सभी
पंचायतों में समस्याओं का जल्द समाधान जरूरी है।इस दौरान जल सहियाओं द्वारा पानी
में आर्सेनिक की मात्रा की जांच भी की गई। वहीं उपायुक्त ने उत्क्रमित मध्य
विद्यालय भगना टोला का भी निरीक्षण कर पठन पाठन
और मध्याह्न भोजन की स्थिति की समीक्षा की तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।















