धनबाद नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर एवं वार्ड पार्षदों के साथ साथ चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद आगामी 18 मार्च 2026 को शपथ ग्रहण करेंगे।इसकी जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि धनबाद नगर निगम के महापौर एवं वार्ड पार्षदों के लिए 18 मार्च को सुबह 10:00 बजे समाहरणालय के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में बैठक आयोजित की जाएगी जिसके बाद उन्हें शपथ दिलाई जाएगी।वहीं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों के लिए समाहरणालय के तृतीय तल के कमरा नंबर 314 में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि उसी दिन धनबाद नगर निगम के उप महापौर और चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके तहत 11:30 बजे से 12:30 बजे तक नामांकन 12:30 से 1:00 बजे तक स्क्रुटनी 1:00 से 1:30 बजे तक वैध उम्मीदवारों की सूची तैयार तथा 1:30 से 1:45 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है।इसके बाद 1:45 से 2:15 बजे तक मतपत्र की तैयारी की जाएगी और 2:15 से 3:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद 3:00 से 3:15 बजे तक मतगणना तथा 3:15 से 3:30 बजे तक परिणाम की घोषणा की जाएगी।इसके बाद 3:30 से 4:00 बजे तक धनबाद नगर निगम के उप महापौर एवं चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष को शपथ दिलाई जाएगी।