हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत जुगरा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने युवती के पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।परिजनों का कहना है कि मृतका अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होकर वापस लौटी थी इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार पति पहले से ही नशे का आदी था और अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था।परिजनों ने बताया कि घटना के दिन भी पति ने शादी समारोह के दौरान ही जान से मारने की धमकी दी थी। उनका आरोप है कि नशे की हालत में ही पति ने इस वारदात को अंजाम दिया।घटना के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि जैसे हमारी बेटी/बहन को मारा गया है पुलिस आरोपी पति को हमारे हवाले कर दे । परिजन आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।फिलहाल खबर लिखे जाने तक बड़कागांव थाना पुलिस द्वारा मृतका के ससुराल पक्ष के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं परिजन लगातार आरोपी को पकड़कर सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।