बिहार  के जहानाबाद में दोस्ती को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की उसके ही दोस्तों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या से पहले आरोपी युवक के साथ बैठकर सिगरेट पी रहे थे और फिर अचानक उसके सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई  जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान भेलावर थाना क्षेत्र के चातर गांव निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम दीपक अपने दो दोस्तों और मौसेरे भाई के साथ बुलेट बाइक पर सवार होकर सिहटी गांव गया था। वहां से लौटते समय डेढ़सईया गांव के पास आरोपियों ने सिगरेट पीने के बहाने दीपक के मौसेरे भाई को बाइक से उतार दिया। इसके बाद आरोपी दीपक को थोड़ी दूर ले गए  जहां तीनों सिगरेट पीने लगे। इसी दौरान दोस्तों ने दीपक के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया  जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर अनवर ने बताया कि युवक के सिर में गोली लगने का गहरा निशान था और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी सामने नहीं आ सकी है और परिवार के लोग भी फिलहाल कुछ बोलने से बच रहे हैं। भेलावर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।