देशभर में शुक्रवार से पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में बढ़ोतरी लागू होने के बाद कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। बढ़ती वैश्विक तेल कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने नए रेट जारी किए हैं। दिल्ली में पेट्रोल 3 रुपये महंगा होकर 98 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है  जबकि डीजल की कीमत 90 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं CNG के दाम में भी 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। मुंबई कोलकाता  चेन्नई और पटना समेत कई बड़े शहरों में भी ईंधन की कीमतों में बड़ा उछाल दर्ज किया गया है। Indian Oil Corporation के डायरेक्टर रिफाइनरीज अरविंद कुमार ने कहा कि वैश्विक दबाव की तुलना में यह बढ़ोतरी काफी मामूली है। उन्होंने बताया कि इंडियन ऑयल की सभी रिफाइनरियां 100 प्रतिशत से ज्यादा क्षमता पर काम कर रही हैं ताकि देश में कहीं भी फ्यूल की कमी न हो। सरकारी सूत्रों के मुताबिक  अमेरिका ईरान तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद सरकार लंबे समय तक आम जनता को राहत देने की कोशिश करती रही। तेल कंपनियां रोजाना भारी घाटा उठा रही थीं और सरकार पहले ही पेट्रोल व डीजल पर टैक्स कम कर चुकी है। लोगों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन के दाम बढ़ने से रोजमर्रा की चीजें और महंगी हो जाएंगी। खासतौर पर किसान  ट्रांसपोर्ट सेक्टर और आम उपभोक्ताओं पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पश्चिम एशिया में हालात और बिगड़ते हैं तो आने वाले दिनों में तेल की कीमतों में और उछाल देखने को मिल सकता है।