पटना: बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुबह 9 बजे गांधी मैदान में तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। मुख्यमंत्री के तौर पर गांधी मैदान में यह उनका पहला स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण रहा। इससे पहले वह यहां उपमुख्यमंत्री के रूप में समारोह में शामिल हुए थे।
CM सम्राट चौधरी ने लिया विकसित बिहार का संकल्प
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिहारवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके संघर्ष की वजह से देश को आजादी मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार को मिल रहे सहयोग और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए समृद्ध और विकसित बिहार के निर्माण का संकल्प पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
गांधी मैदान में 1500 जवानों ने संभाली सुरक्षा
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। करीब 1500 पुलिस जवानों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया।
पूरे क्षेत्र में CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी गई। सुरक्षा में तैनात अधिकारी और जवान सुबह 6 बजे से ही अपने निर्धारित स्थानों पर मुस्तैद रहे। समारोह में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार भी बनाए गए।
13 विभागों की झांकियों में दिखा विकसित बिहार
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 13 विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों के जरिए बिहार की प्राकृतिक विरासत, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण, ऊर्जा, उद्योग, सुरक्षा और विभिन्न सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
मुंडेश्वरी धाम से टाइगर रिजर्व तक दिखी विरासत
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की झांकी में मां मुंडेश्वरी धाम, भीमबांध वन्यजीव अभयारण्य और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की झलक दिखाई गई। इसके जरिए बिहार की प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया।
डिजिटल शिक्षा और विरासत संरक्षण की झलक
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ‘जान भारत’ थीम वाली झांकी में विरासत संरक्षण और प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटाइजेशन को दिखाया गया।
वहीं शिक्षा विभाग और बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की झांकी में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था और सरकार की शिक्षा योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।
स्मार्ट खेती ने खींचा लोगों का ध्यान
कृषि विभाग की झांकी में स्मार्ट और आधुनिक खेती को प्रमुखता दी गई। इसमें वैज्ञानिक कृषि तकनीक, आधुनिक उपकरणों और तकनीक के इस्तेमाल के जरिए कम लागत में बेहतर उत्पादन तथा किसानों की आय बढ़ाने का संदेश दिया गया।
झांकी में खेत, फसल और किसानों के ग्रामीण परिवेश को आकर्षक मॉडल के जरिए प्रस्तुत किया गया।
पशुपालन और जीविका से आत्मनिर्भरता का संदेश
जीविका और पशुपालन विभाग की झांकी में पशु संसाधन केंद्र, पशु स्वास्थ्य सेवाएं, पशु आहार, टीकाकरण और आधुनिक पशुपालन को प्रदर्शित किया गया।
झांकी के जरिए ग्रामीण परिवारों और महिलाओं को पशुपालन के माध्यम से आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का संदेश दिया गया।
विकसित बिहार की तस्वीर दिखाने की कोशिश
गांधी मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण के साथ विभिन्न विभागों की झांकियों ने बिहार की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं की तस्वीर पेश की। कार्यक्रम में विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को प्रमुखता से सामने रखा गया।















