बिहार की राजधानी  पटना के  कदमकुआं  इलाके में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई  जब एक घर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। घर के अंदर का दृश्य देखकर हर कोई दंग रह गया। एक युवक कुर्सी पर खून से लथपथ पड़ा था और उसके शरीर से लगातार खून बह रहा था। मृत युवक की पहचान राहुल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जिस घर से उसका शव मिला  वह उसकी कथित प्रेमिका का घर था। सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया  जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक  राहुल और उसकी प्रेमिका के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था  जिसके बाद युवक ने खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और हर एंगल से जांच कर रही है। दूसरी तरफ मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि राहुल की साजिश के तहत हत्या की गई। परिजनों के अनुसार  राहुल एक शोरूम में काम करता था और घटना वाले दिन सुबह घर से खाना लेकर निकला था। कुछ ही देर बाद गोली लगने से मौत की सूचना मिली। परिवार ने दावा किया कि राहुल का 6 मई को छेका हुआ था  जिसके बाद उसकी प्रेमिका नाराज चल रही थी। आरोप है कि इसी वजह से उसे घर बुलाकर हत्या की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने प्रेमिका और उसके परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।