गम्हरिया: थाना क्षेत्र के मोहनपुर जंगल में रविवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने युवक का शव देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को पहचानने से इनकार किया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।