पलामू: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET) में ग्रेस मार्क्स देने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जोर पकड़ रहा है। इसी बीच छात्र नेता सुनील कुमार यादव ने छात्रों के अधिकारों, कल्याण और उज्ज्वल भविष्य की कामना को लेकर इस वर्ष छठ महापर्व का व्रत करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि वह खुद भी छात्र हैं और J-TET परीक्षा दे चुके हैं, इसलिए अभ्यर्थियों की समस्याओं और उनके संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं।

शुक्रवार को पलामू जिले के नीलाम्बर-पीताम्बरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में सुनील यादव ने कहा कि झारखंड के तमाम छात्र-छात्राओं के बेहतर भविष्य और उनके अधिकारों की प्राप्ति की कामना के साथ वह लोक आस्था के महापर्व छठ का व्रत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं से वह खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं और उनके अधिकारों की मांग को मजबूती से उठाना अपनी जिम्मेदारी मानते हैं।

इस दौरान उन्होंने J-TET अभ्यर्थियों से आगामी 18 नवंबर को राजधानी रांची में प्रस्तावित अनुरोध मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की एकजुटता ही उनकी मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का मजबूत माध्यम बनेगी। अनुरोध मार्च के जरिए परीक्षा परिणाम और ग्रेस मार्क्स से जुड़ी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों की आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

सुनील यादव ने कहा कि छठ महापर्व का अनुष्ठान पूरा करने के बाद वह सीधे रांची पहुंचकर अनुरोध मार्च में शामिल होंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों से आपसी एकजुटता बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की मांग सरकार के समक्ष रखने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि छात्रों के संघर्ष में वह मजबूती से उनके साथ खड़े रहेंगे।