साहेबगंज: झारखंड के साहेबगंज और बिहार के मनिहारी के बीच गंगा नदी से आवागमन करने वाले हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को गंगा में एक बार फिर यात्री जहाज का परिचालन शुरू हो गया। साहेबगंज जिले के कारगिल क्षेत्र से सटे बिहार के महेशपुर गंगा घाट से मनिहारी के लिए फेरी सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव ने पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोड़कर सेवा की शुरुआत की।

फिलहाल इस फेरी सेवा के माध्यम से यात्रियों के साथ-साथ बाइक भी गंगा पार कराई जाएगी। वहीं, छठ महापर्व के बाद छोटे चारपहिया वाहनों को भी जहाज से पार कराने की तैयारी है। इस सेवा का संचालन कन्हैया लॉजिस्टिक की ओर से किया जा रहा है। संचालक कन्हैया कुमार के अनुसार, गंगा नदी में फेरी सेवा चलाने के लिए बिहार सरकार से आवश्यक अनुमति मिल गई है। इसी के बाद महेशपुर घाट से मनिहारी के बीच यात्री जहाज का परिचालन शुरू किया गया है।

उद्घाटन के मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि साहेबगंज और मनिहारी के बीच फेरी सेवा बंद रहने से दोनों राज्यों के हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर मरीजों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए गंगा पार करना चुनौती बन गया था।

उन्होंने कहा कि गंगा नदी साहेबगंज और मनिहारी के लोगों के बीच जुड़ाव का माध्यम है। फेरी सेवा बंद होने से आवागमन के साथ-साथ व्यापार और आपसी संपर्क भी प्रभावित हो रहा था। ऐसे में महेशपुर घाट से यात्री जहाज का परिचालन शुरू होना क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की बात है। उन्होंने कन्हैया लॉजिस्टिक के संचालक कन्हैया कुमार को इस पहल के लिए धन्यवाद दिया और सेवा नियमित रूप से संचालित होने की उम्मीद जताई।

1 अप्रैल 2025 से बंद थी फेरी सेवा

गौरतलब है कि साहेबगंज-मनिहारी के बीच संचालित अंतरराज्यीय यात्री फेरी सेवा 1 अप्रैल 2025 से बंद थी। रोटेशन सिस्टम के तहत इस बार फेरी सेवा की बंदोबस्ती का टेंडर बिहार के कटिहार जिला प्रशासन को जारी करना था। प्रशासन की ओर से टेंडर भी निकाला गया, लेकिन बंदोबस्ती की अधिक राशि के कारण कोई संवेदक इसमें शामिल नहीं हुआ। इस वजह से टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और फेरी सेवा दोबारा शुरू नहीं हो पाई।

फेरी सेवा बंद होने के बाद झारखंड से बिहार और बिहार से झारखंड आने-जाने वाले लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। वहीं, कई लोग छोटी नावों के सहारे गंगा पार करने को मजबूर थे। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती थी। स्थानीय लोग लगातार सुरक्षित यात्री सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे।

अब बिहार प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद कन्हैया लॉजिस्टिक ने महेशपुर गंगा घाट से मनिहारी के लिए यात्री जहाज का परिचालन शुरू कर दिया है। लंबे समय से बंद पड़ी फेरी सेवा फिर शुरू होने से साहेबगंज, मनिहारी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में खुशी है। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।