हजारीबाग: चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम अंबातरी के नदी क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। इस दौरान शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही छह मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, जांच में बरामद सभी छह मोटरसाइकिलों के चोरी की होने की बात सामने आई है। मामले में पांच नामजद शराब तस्करों और छह मोटरसाइकिल मालिकों के खिलाफ चौपारण थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के अंबातरी में चोरी की मोटरसाइकिलों के जरिए अवैध महुआ शराब की ढुलाई की जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने अंबातरी के नदी क्षेत्र के आसपास कार्रवाई शुरू की। पुलिस के पहुंचते ही शराब तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

छह बाइक और 285 लीटर शराब बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें दो स्प्लेंडर, दो होंडा शाइन, एक ग्लैमर और एक टीवीएस मोटरसाइकिल शामिल हैं। इन वाहनों पर लदी करीब 285 लीटर महुआ शराब भी जब्त की गई।

पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों के इंजन, चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच की। जांच में सभी छह बाइक के चोरी की होने की बात सामने आई।

पुलिस ने बरामद वाहनों के संबंध में आवश्यक विवरण भी दर्ज किया है और इनके वास्तविक मालिकों तथा चोरी की घटनाओं से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है।

पांच तस्करों और छह बाइक मालिकों पर FIR

पुलिस के मुताबिक, मामले में पांच नामजद शराब तस्करों एवं छह मोटरसाइकिल मालिकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल अवैध शराब के कारोबार में किस स्तर पर और कितने समय से किया जा रहा था।

इस कार्रवाई में चौपारण थाना के पुलिस पदाधिकारी पुअनि पंकज कुमार, पुअनि सुनील कुमार सिंह, पुअनि सुबिन्द्र राम, सअनि बादल कुमार महतो सहित थाना का सशस्त्र बल शामिल था।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।