जमशेदपुर:  जमशेदपुर के सोनारी इलाके में महिला से चेन झपटमारी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला से झपटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

दरअसल, 31 जुलाई की शाम करीब साढ़े चार बजे 58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव सोनारी के ए रोड से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एच रोड के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया और मौका मिलते ही उनके गले से सोने की चेन झपट ली।

चेन झपटने के बाद बदमाश कदमा की ओर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रहे छोटा हाथी वाहन से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों बाइक मौके पर छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से पल्सर बाइक बरामद की थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में कुल तीन अपराधी शामिल थे। पुलिस के अनुसार, पंकज हरपाल और रोहित कर्मकार बाइक पर सवार थे, जबकि रोहित मुर्मू कुछ दूरी पहले उतरकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।

बाइक के सत्यापन और जांच के आधार पर पुलिस ने पंकज हरपाल और रोहित मुर्मू को गिरफ्तार कर 6 अगस्त को जेल भेज दिया था। वहीं, मामले का तीसरा आरोपी रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल फरार चल रहा था।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहित कर्मकार को बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बिरसानगर जोन नंबर छह स्थित उसके घर से महिला से झपटी गई सोने की चेन बरामद कर ली।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार रोहित कर्मकार के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आदित्यपुर, बिरसानगर, टेल्को, बिष्टुपुर और सोनारी थाना क्षेत्रों में चेन झपटमारी, चोरी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।