10वें दीक्षांत समारोह में बीएड संकाय में विश्वविद्यालय में हासिल किया प्रथम स्थान, कॉलेज प्रबंधन और शिक्षकों ने दी बधाई
दुमका: सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU), दुमका के 10वें दीक्षांत समारोह में तोकिपुर बीएड महाविद्यालय के छात्र शुभम कुमार ने शानदार सफलता हासिल कर अपने महाविद्यालय और पूरे दुमका जिले का नाम रोशन किया है। सत्र 2024-26 के बीएड संकाय में पूरे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर शुभम कुमार को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। गुरुवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया। विश्वविद्यालय स्तर पर टॉपर बनने के बाद शुभम कुमार के लिए यह उपलब्धि गौरवपूर्ण रही। उनकी सफलता से तोकिपुर बीएड महाविद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है। शुभम ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के सचिव नरेन कुमार मोदी, प्राचार्या डॉ. कल्पना कुमारी तथा महाविद्यालय प्रबंधन के महेश मंडल ने शुभम कुमार को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शुभम की सफलता महाविद्यालय के बेहतर शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थी की निरंतर मेहनत का परिणाम है। उनकी यह उपलब्धि महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। इस गौरवपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन के महेश मंडल, डॉ. पीके ठाकुर, तौसीफ अहमद, देवयानी सरकार, सुरेश बास्की, शमिता सिन्हा, समित पाल, मौसमी घोष और किरण बाला टुडू सहित सभी प्राध्यापकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। महाविद्यालय परिवार ने शुभम कुमार की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता से संस्थान की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को नई पहचान मिली है।














