बोकारो: पिंडराजोरा थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार को खेदाडीह गांव के पास तालाबनुमा डोभा से युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान खेदाडीह बांध गौड़ा साइड, राऊतडीह निवासी सागर रजवार के रूप में हुई है। वह 3 नवंबर को घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।

तीन नवंबर से लापता था सागर

परिजनों के मुताबिक, सागर रजवार के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पिंडराजोरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। परिवार लगातार उसकी खोजबीन में जुटा था।

डोभा में मिला शव, परिजनों ने की पहचान

शुक्रवार को पुलिस को खेदाडीह गांव के समीप एक तालाबनुमा डोभा में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पिंडराजोरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पहचान के लिए मृतक के परिजनों को बुलाया गया। मौके पर पहुंचीं सागर की पत्नी मीना देवी ने शव की पहचान अपने पति के रूप में की।

पुलिस को डूबने का शक, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका

पुलिस प्रथम दृष्टया डोभा में डूबने से मौत की आशंका जता रही है। हालांकि, मृतक की पत्नी मीना देवी ने मौत को लेकर हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।