सरायकेला में टाउन हॉल की बुकिंग अब ₹40 हजार में, नगर पंचायत बोर्ड ने किराया घटाकर दी बड़ी राहत
सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला की चौथी बोर्ड बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और आम लोगों को राहत देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगी। बैठक का सबसे प्रमुख फैसला टाउन हॉल की बुकिंग दर में कटौती रहा। नगर पंचायत बोर्ड ने टाउन हॉल का किराया ₹55,000 से घटाकर ₹40,000 करने का निर्णय लिया है। नई दर लागू होने के बाद शादी-विवाह, सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य आयोजनों के लिए टाउन हॉल बुक कराने वाले आम और मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही सामुदायिक भवन और नगर पंचायत के अन्य भवनों के किराये में भी कमी करते हुए नई दरें लागू करने का निर्णय लिया गया। बोर्ड बैठक में सेप्टिक टैंक सफाई मशीन/वाहन के शुल्क में भी बड़ी कटौती की गई। पहले जहां इसके लिए ₹6,000 शुल्क लिया जाता था, वहीं अब इसे घटाकर ₹3,000 कर दिया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत की सुविधाएं समाज के हर वर्ग को आसानी और उचित दर पर उपलब्ध कराना बोर्ड की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में शहर की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान को लेकर भी चर्चा की गई। नगर पंचायत की ओर से इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने का दावा किया गया। वहीं, पहली बार शहर के सभी चापाकलों की नंबरिंग कराई जा रही है। खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत का काम भी तेज गति से शुरू किया गया है। नगर पंचायत के सभी कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया। शहर में रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए सरकार की ओर से नगर पंचायत को 800 स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराई गई हैं। इन्हें जल्द ही जरूरत के अनुसार शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में लगाया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि सीमित संसाधनों और मानव बल के बावजूद नगर पंचायत बोर्ड पारदर्शी व्यवस्था, बेहतर नागरिक सुविधाओं और सभी वार्डों के समान विकास के लिए लगातार काम कर रहा है। मनोज कुमार चौधरी ने शहरवासियों से नगर पंचायत के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित सरायकेला केवल नगर पंचायत के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और आपात स्थिति में एक-दूसरे की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद उत्तम मोहंती, विक्रम मोदक, ज्योति साहू, सुषमा तिउ, गौतम नायक, बबीता कमिला, सविता पटनायक, वरुण साहू और शांति गोडसेरा समेत अन्य वार्ड पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, देवाशीष प्रधान, संबंधित अभियंता और नगर पंचायत के कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित थे।सेप्टिक टैंक सफाई शुल्क हुआ आधा
पेयजल समस्या के समाधान पर जोर
जल्द लगेंगी 800 स्ट्रीट लाइट
जनता से सहयोग की अपील
बैठक में ये रहे मौजूद















