14 नवंबर को रांची के इन रास्तों पर संभलकर चलें, बाहा पड़हा जतरा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
रांची: राजधानी रांची में 14 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले पारंपरिक बाहा पड़हा जतरा पूजा महोत्सव को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। कांके रोड स्थित मिसिर गोंचा के जतरा टांड़ में होने वाले महोत्सव के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, यातायात कार्यालय की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। जारी एडवाइजरी के अनुसार, 14 नवंबर को दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक राम मंदिर चौक से जोड़ा पुल तक सभी प्रकार के ऑटो, टोटो और छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि, आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई जा सकती है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कांके रिंग रोड से शहर के अंदर आने वाले वाहन बोड़ेया रोड होते हुए अंतू चौक और करमटोली चौक के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं, राम मंदिर चौक, रातू चौक और मोरहाबादी मैदान से कांके रिंग रोड की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन करमटोली चौक, अंतू चौक और बोड़ेया रोड होते हुए जा सकेंगे। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर शहर के अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। मौके की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस इस संबंध में निर्णय लेगी। रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि 14 नवंबर को निर्धारित मार्गों पर अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल करने से बचें। साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन पार्क न करें, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो। लोगों से अपील की गई है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।दोपहर 1 से रात 8 बजे तक इन वाहनों की नो एंट्री
कांके रिंग रोड जाने के लिए अपनाएं यह रूट
जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी होगा बदलाव
ट्रैफिक पुलिस की शहरवासियों से अपील














