रामगढ़ में गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव की शुरुआत, पहले दिन निकली भव्य प्रभात फेरी
रामगढ़: सिख धर्म के प्रवर्तक और सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव को लेकर रामगढ़ में धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। प्रकाश उत्सव के प्रथम दिन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। सुबह पांच बजे शुरू हुई इस प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में साध-संगत शामिल हुई और शबद-कीर्तन करते हुए गुरु नानक देव जी का गुणगान किया। प्रभात फेरी गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से निकलकर किला मंदिर, लोहार टोला, पुराना बस स्टैंड और मेन रोड होते हुए बिजुलिया, मिलौनी क्लब और गोरियारी बागी पहुंची। इसके बाद प्रभात फेरी सरदार बलविंदर सिंह छाबड़ा के आवास पहुंची, जहां परिवार की ओर से साध-संगत का स्वागत किया गया। प्रभात फेरी में निशान साहिब लेकर सरदार जसकीरत सिंह सैनी अगुवाई कर रहे थे। वहीं, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से सरदार इंद्रजीत सिंह कालरा ने सरदार बलविंदर सिंह छाबड़ा को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। प्रभात फेरी के दौरान संगत शबद-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थी। 'सुनी पुकार दातार प्रभ, गुरु नानक जग माहें पठाया' और 'मैं शोभा सुन के आया, ऊंचा दर बाबे नानक दा' जैसे भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। गुरु भक्ति में लीन साध-संगत ने शबद-कीर्तन के माध्यम से प्रकाश उत्सव के पहले दिन को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।














