रांची में रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की गली में लावारिस मिला नवजात, मॉर्निंग वॉक कर रहे युवक की पड़ी नजर
रांची: रांची में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रांची रेलवे स्टेशन के सामने सेरसा स्टेडियम के सामने वाली गली स्थित रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक नवजात बच्चा लावारिस हालत में मिला। सुबह की सैर पर निकले एक युवक की नजर बच्चे पर पड़ी, जिसके बाद उसने तत्काल रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी। नवजात के मिलने की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने कब्जे में लेकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल बच्चे की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नवजात को जिस स्थान पर छोड़ा गया था, वह सुनसान गली का हिस्सा था। सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों की नजर समय रहते बच्चे पर पड़ गई, जिससे उसे तत्काल मदद मिल सकी। मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने बताया कि यदि समय रहते नवजात पर किसी की नजर नहीं पड़ती, तो वहां घूमने वाले आवारा कुत्तों से बच्चे को गंभीर खतरा हो सकता था। लोगों ने बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद राहत की सांस ली। फिलहाल रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात बच्चे को रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की गली में कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या वजह थी। पुलिस आसपास के इलाके में मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल से जुड़े संभावित सुराग जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही नवजात को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।समय रहते पड़ी नजर, अस्पताल पहुंचाया गया
आवारा कुत्तों से बच्चे को था खतरा
बच्चे को वहां कौन छोड़ गया, जांच में जुटी पुलिस















