रांची के मंडा बगीचा में शराब पार्टी के दौरान गोलीबारी, पेट में गोली लगने से युवक गंभीर
रांची: जिले के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात करीब दो बजे शराब पार्टी के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि गोलीबारी किसी अपराधी ने नहीं, बल्कि शराब पीने के दौरान युवकों के बीच हुए आपसी विवाद के बाद हुई। इस घटना में टोनी लोहरा नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी है। घायल टोनी लोहरा मूल रूप से कमड़े, रातू का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, रविवार देर रात मंडा बगीचा में कई युवक एकत्र होकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली चलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घटना में शामिल अन्य युवक मौके से फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। फिलहाल बरियातू पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस गोलीबारी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। पुलिस आपसी विवाद के कारणों और गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान की जांच कर रही है।















