जामताड़ा: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह अपने संथाल परगना प्रवास के दौरान जामताड़ा पहुंचीं। भाजपा जिला कार्यालय बुदूडीह में जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान परिचय बैठक आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में डॉ. सीमा सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संथाल परगना का यह उनका पहला प्रवास है। जामताड़ा में कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत से वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि संथाल क्षेत्र में प्रवास के दौरान महिलाओं की स्थिति और उनकी समस्याओं को जानने का अवसर मिला है।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर साधा निशाना

डॉ. सीमा सिंह ने आरोप लगाया कि संथाल परगना में महिलाओं, विशेषकर आदिवासी महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और क्षेत्र में अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान कई महिलाओं से बातचीत हुई, जिन्होंने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं।

उन्होंने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना के नाम पर ठगा जा रहा है। उनके मुताबिक, महिलाओं के साथ-साथ छात्रों और किसानों को भी अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।

संगठन विस्तार और जिला कार्यसमिति पर चर्चा

प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा मुख्य रूप से संगठनात्मक प्रवास है। जामताड़ा में जिला कार्यसमिति के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक परंपरा के तहत सबसे निचले स्तर के कार्यकर्ताओं से बातचीत की जाती है। इसके बाद संगठन और पार्टी के हित को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाती है।

महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह: सुमित शरण

भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह का जामताड़ा आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनके प्रवास से महिला कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला है। आने वाले दिनों में भाजपा के कार्यक्रमों में जिले की महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेंगी।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने किया।

इस मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटूल, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रेनू तिर्की, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुकुमणि हेमब्रम, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो, मनीष दुबे, कमल गुप्ता, मुरारी भूषण सिंह, लवली पाठक, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सोरेन, जिला मंत्री किरण बेसरा, आभा आर्या, अबीता हांसदा, टिंकी सावंत, गीता मंडल, सुनीता राउत, प्रदीप राउत, मितेश शाह, अंजनी तिवारी, आकाश साव, प्रमोद गोस्वामी, देवेंदु नायक और उदय मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्पेशल रेपोर्ट्स