पाकुड़ में दंतोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले का आयोजन, 21 कंपनियों ने लगाए स्टॉल; युवाओं को मिला रोजगार
पाकुड़: जिले के बाजार समिति प्रांगण में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से दंतोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने युवाओं को संबोधित करते हुए रोजगार मेले में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से रोजगार के लिए ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों की ओर से कुल 21 स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से बेरोजगार युवक-युवतियों को अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। वहीं, इस आयोजन के माध्यम से कई बेरोजगार युवाओं को रोजगार भी मिला। कार्यक्रम का आयोजन नियोजनालय पदाधिकारी संतोष कुमार की देखरेख में किया गया। मौके पर आईटीडीए के अरुण एक्का, राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष महावीर कुमार, मढ़ैया रणजीत सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रोजगार मेले में युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज और नियोजनालय पदाधिकारी संतोष कुमार ने रोजगार मेले तथा युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों को लेकर अपनी बात रखी।















