झारखंड पुलिस आर्चरी टीम के लिए 13 सितंबर को ट्रायल, क्षेत्रीय प्रतियोगिता में नहीं खेल सके खिलाड़ियों को भी मौका
रांची: 15वीं अखिल भारतीय पुलिस आर्चरी चैंपियनशिप 2026-27 की मेजबानी इस बार झारखंड पुलिस करेगी। प्रस्तावित चैंपियनशिप 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक रांची में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के लिए झारखंड पुलिस की पुरुष और महिला आर्चरी टीम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में 13 सितंबर को ट्रायल-सह-चयन शिविर आयोजित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक ट्रायल-सह-चयन शिविर झारखंड सशस्त्र पुलिस-10, होटवार, रांची में आयोजित होगा। इसमें क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 के माध्यम से चयनित खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। खास बात यह है कि किसी कारणवश क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सके वरीय और प्रतिभाशाली आर्चरी खिलाड़ियों को भी अपनी क्षमता साबित करने का मौका दिया जाएगा। इससे उन खिलाड़ियों को भी राज्य पुलिस की टीम में जगह बनाने का अवसर मिलेगा, जो क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाए थे। पुलिस मुख्यालय के आदेश में बताया गया है कि CID, JJ, रेल, विशेष शाखा, संचार एवं तकनीकी सेवाएं और ACB में क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 अब तक आयोजित नहीं हो सकी है। ऐसी स्थिति में इन इकाइयों के नियंत्रण पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने यहां मौजूद आर्चरी के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें 13 सितंबर को होने वाले ट्रायल-सह-चयन शिविर में भेजना सुनिश्चित करें। ट्रायल को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी समादेष्टा, झारखंड सशस्त्र पुलिस-10, होटवार को नोडल पदाधिकारी के रूप में दी गई है। नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षकों के सहयोग से चयन प्रक्रिया पूरी कराएंगे। खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन और अखिल भारतीय पुलिस खेलकूद नियंत्रण बोर्ड के निर्धारित नियमों के आधार पर किया जाएगा। यानी टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों को ट्रायल में अपने प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं को प्रभावित करना होगा। ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को झारखंड सशस्त्र पुलिस-10 में आयोजित होने वाले अभ्यास शिविर में रखा जाएगा। वहीं, जो प्रतिभागी चयन में जगह नहीं बना पाएंगे, उन्हें उनके पैतृक जिले, वाहिनी या संबंधित इकाई में वापस भेजने की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने चयनित खिलाड़ियों की सूची के साथ निर्धारित प्रपत्र में उनकी पूरी जानकारी 15 सितंबर 2026 तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। झारखंड पुलिस के लिए यह आयोजन खास महत्व रखता है, क्योंकि 15वीं अखिल भारतीय पुलिस आर्चरी चैंपियनशिप 2026-27 की मेजबानी राज्य को मिली है। ऐसे में झारखंड पुलिस अपनी मजबूत पुरुष और महिला टीम तैयार करने के लिए बेहतर खिलाड़ियों का चयन करना चाहती है। 13 सितंबर का ट्रायल इसी तैयारी का अहम हिस्सा होगा, जिसमें क्षेत्रीय प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ियों के साथ उन प्रतिभाओं को भी अवसर मिलेगा, जो किसी कारण से उस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सके थे।JAP-10 में होगा ट्रायल
कई पुलिस इकाइयों में प्रतियोगिता नहीं हुई
पारदर्शी तरीके से होगा खिलाड़ियों का चयन
चयनित खिलाड़ियों के लिए अभ्यास शिविर
रांची में होगी अखिल भारतीय पुलिस आर्चरी चैंपियनशिप















