झारखंड BJP का बड़ा अभियान: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प’, मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियां बताएगी पार्टी
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर झारखंड भाजपा ने एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की ओर से यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में पार्टी के नेताओं ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं और मोदी सरकार की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक ईमानदार व्यक्ति और मजबूत नेतृत्व देश की तस्वीर और तकदीर बदल सकता है और नरेंद्र मोदी इसका उदाहरण हैं। आदित्य साहू ने दावा किया कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीबों, किसानों, वंचितों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी लोगों तक पहुंचानी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को बेमिसाल बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया है। उन्होंने साहिबगंज में गंगा नदी पर पुल, एम्स, मेडिकल कॉलेज, रेलवे स्टेशनों के विकास और बड़े पैमाने पर हाईवे निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यों को जनता के बीच ले जाने की जरूरत है। मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और झारखंड में हुए विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए। बाबूलाल मरांडी ने MMDR कानून को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि इस कानून से झारखंड के हित और अधिकारों को नुकसान नहीं होगा, बल्कि राज्य को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि खनिजों पर सेस के कारण झारखंड के कोयले और लोहे की कीमत बढ़ी है, जिससे बिक्री प्रभावित हो रही है। मरांडी ने राज्य में अवैध खनन और खनिजों की अवैध खपत का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे राज्य के राजस्व को नुकसान हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ की तुलना में झारखंड में अधिक खनिज संसाधन होने के बावजूद राज्य को अपेक्षित राजस्व नहीं मिल रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान में युवाओं, छात्रों, महिलाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल केंद्र की योजनाओं की जानकारी ही नहीं देनी है, बल्कि जरूरतमंद लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने में सहयोग भी करना है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री के जन्मदिन को केवल पखवाड़े तक सीमित न रखकर एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जाएगा। अभियान की तैयारियों के लिए: कर्मवीर सिंह ने बताया कि अभियान के तहत 14 अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए प्रदेश स्तर पर संयोजक और सह-संयोजक की जिम्मेदारी भी तय की गई है। भाजपा ने इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को राज्य के हर हिस्से तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी का कहना है कि अभियान के दौरान सेवा गतिविधियों के साथ-साथ केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क और नए लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बिरंची नारायण ने किया। कार्यशाला में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय और दीपक प्रकाश समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी तथा झारखंड के 30 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी मौजूद रहे।‘ईमानदार नेतृत्व देश की तस्वीर बदल सकता है’
बाबूलाल मरांडी बोले- मोदी के कार्यकाल में झारखंड को भी मिला फायदा
MMDR कानून को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना
प्रदीप वर्मा ने कार्यकर्ताओं से योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा
जिला और मंडल स्तर पर होंगी कार्यशालाएं
हर घर तक पहुंचने की तैयारी















