जामताड़ा: सदर थाना क्षेत्र के चलना पंचायत अंतर्गत भंडारों के समीप शनिवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम छा गया।

मृतक की पहचान दक्षिणबहाल क्षेत्र के असंहेरिया गांव निवासी शिवशंकर साधु के रूप में हुई है। वह कमल साधु के पुत्र थे। मिली जानकारी के अनुसार, शिवशंकर अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (नंबर JH 21 R 1042) से धनबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भंडारों के समीप सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। अपने परिवार के सदस्य का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि गुलाम मुर्मू भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने ट्रैक्टर किया जब्त

सहायक अवर निरीक्षक जय किशोर मरांडी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण सड़कों पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं के खतरे को उजागर कर दिया है।