जामताड़ा: मोबाइल टावर का तार काटकर चोरी करने की तैयारी कर रहे दो युवकों को बिंदापाथर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना मोहनाबांक मोड़ के पास की है, जहां पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार युवकों के पास से तार काटने में इस्तेमाल होने वाले औजार और घटना में प्रयुक्त एक प्लसर बाइक बरामद की गई है। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रहने वाले हैं।

तार काटने की तैयारी के दौरान पुलिस ने दबोचा

पुलिस के अनुसार, दोनों युवक मोहनाबांक मोड़ के पास स्थित मोबाइल टावर का तार चोरी करने की नीयत से पहुंचे थे। वे तार काटने की तैयारी में थे, तभी इसकी सूचना पुलिस को मिल गई। थाना प्रभारी विनय कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के दुबराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घाट गोपालपुर निवासी सनवर खान उर्फ कोटा (39) और अलुमुद्दीन खान (29) के रूप में हुई है।

टेंशनर पत्ती, हसुआ और बाइक बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों की तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से तार काटने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक बड़ा टेंशनर पत्ती, दो छोटे टेंशनर पत्ती और दो हसुआ बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक प्लसर बाइक भी जब्त की है। बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर डब्ल्यूबी 53 एच-2272 बताया गया है।

कांड संख्या 65/2026 के तहत दर्ज हुआ मामला

इस मामले में बिंदापाथर थाना की एसआई सुप्रभा मुर्मू के आवेदन पर थाना कांड संख्या 65/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों गिरफ्तार युवकों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी पहले भी मोबाइल टावर या अन्य स्थानों से तार चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। साथ ही इस तरह की वारदातों में किसी गिरोह की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।