जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करमाटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 23 वर्षीय युवक को साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (MNGL) के उपभोक्ताओं को सेवा अपडेट करने के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजता था। फाइल इंस्टॉल होते ही मोबाइल की गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम दिया जाता था।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधि की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कोड़राटांड़ गांव में कार्रवाई करते हुए बसंत कुमार मंडल (23), पिता नरेश मंडल, को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

MNGL सेवा अपडेट के नाम पर भेजता था APK

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महाराष्ट्र के उपभोक्ताओं को MNGL की सेवा अपडेट करने के नाम पर मोबाइल फोन पर फर्जी APK फाइल भेजता था। उपभोक्ता जब इस फाइल को डाउनलोड कर अपने मोबाइल में इंस्टॉल करते थे, तो आरोपी को मोबाइल में मौजूद महत्वपूर्ण और गोपनीय जानकारी तक पहुंच बनाने में मदद मिलती थी।

पुलिस का आरोप है कि इसी जानकारी का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का साइबर अपराध नेटवर्क देश के अलग-अलग राज्यों में सक्रिय हो सकता है।

3 मोबाइल और 4 सिम कार्ड बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 3 मोबाइल फोन और 4 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 56/26, दिनांक 8 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS 2023, IT Act और Telecommunications Act की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट

जामताड़ा पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी अनजान व्यक्ति के मोबाइल नंबर, व्हाट्सऐप या अन्य माध्यम से भेजी गई APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।

किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि या ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

साइबर ठगी से बचने के लिए ध्यान रखें

  • अनजान नंबर से आई APK फाइल को डाउनलोड न करें।
  • किसी कंपनी या विभाग के नाम पर भेजी गई संदिग्ध फाइल को इंस्टॉल न करें।
  • मोबाइल में अनजान ऐप को अनावश्यक परमिशन न दें।
  • बैंकिंग और निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
  • साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।