जामताड़ा महाविद्यालय में संविधान दिवस पर कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने ली प्रस्तावना की शपथ
जामताड़ा: जामताड़ा महाविद्यालय के सभागार में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजनीति विज्ञान विभाग, मेरा युवा भारत तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की यूनिट एक एवं तीन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की शपथ ली। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत की यूथ आइकॉन स्नेहा ने 'विकसित भारत-2047' विषय पर डिजिटल प्रस्तुति दी। उन्होंने देश के विकास में युवाओं की भूमिका और भविष्य के भारत की परिकल्पना को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर कौशल ने भारतीय संविधान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार टेटे ने संविधान दिवस की प्रासंगिकता पर व्याख्यान दिया। उन्होंने संविधान के मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देते हुए इसके महत्व को समझाया। कार्यक्रम का मंच संचालन राजनीति विज्ञान विभाग की प्रोफेसर एवं एनएसएस यूनिट-तीन की कार्यक्रम पदाधिकारी रेशमा टोप्पो ने किया। अंत में हिंदी विभाग के प्रोफेसर एवं एनएसएस यूनिट-एक के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राम स्नेही राम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत की क्षेत्रीय निदेशिका उत्तरा रॉय अपनी टीम के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यक्रम के संयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर सीनियर अंडर ऑफिसर नूपुर भट्टाचार्य सहित एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक और राजनीति विज्ञान विभाग के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।यूथ आइकॉन स्नेहा ने विकसित भारत-2047 पर दी प्रस्तुति
संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार: प्राचार्य
शिक्षकों और एनसीसी-एनएसएस सदस्यों की रही भागीदारी














