जामताड़ा कोर्ट में संविधान दिवस समारोह, न्यायिक अधिकारियों ने ली संवैधानिक मूल्यों की शपथ
जामताड़ा। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को व्यवहार न्यायालय, जामताड़ा परिसर में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान न्यायालय के न्यायिक पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान प्रकट करते हुए शपथ ली। साथ ही उपस्थित अन्य लोगों को भी संविधान की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) अनुज कुमार, फैमिली जज राजेश कुमार, एडीजे-1 अजय कुमार श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) नीतीश निलेश सांगा, एसीजेएम एमडी नईम अंसारी, एसडीजेएम अमित अल्डा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के सचिव पवन कुमार तथा कोर्ट मैनेजर शुभेंदु मोहंती सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी और न्यायालय कर्मी मौजूद रहे। समारोह के दौरान सभी ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल सिद्धांतों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, एकता और अखंडता की मजबूत आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति उसके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को भी संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा समाज में न्याय, समानता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा।संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प
लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है संविधान














