जमशेदपुर फायरिंग कांड: मुख्य आरोपी मोहन यादव और साथी चंडीगढ़ से गिरफ्तार, शूटर अजीत मंडल की तलाश जारी
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई फायरिंग के मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कांड के मुख्य आरोपी मोहन यादव और उसके एक साथी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बाइक भी बरामद की है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में फायरिंग की घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि जमशेदपुर पुलिस जल्द ही मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में फायरिंग की वजह, आरोपियों की भूमिका और अब तक की पुलिस कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है। इधर, पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग का कथित शूटर अजीत मंडल अपने दो साथियों के साथ सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही अजीत मंडल और उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। उडुपी रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में पुलिस इससे पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। 28 सितंबर को पुलिस ने चार कथित साजिशकर्ताओं को रायपुर के टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया था। इसके बाद 29 सितंबर को मनोज सरकार, दीपू ओझा, शंकर मुंडा और टीटू शर्मा को जमशेदपुर लाया गया था। जमशेदपुर लाए जाने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों से बिष्टुपुर और सोनारी थाना में अलग-अलग पूछताछ की थी। पुलिस अब चंडीगढ़ से गिरफ्तार मोहन यादव और उसके साथी से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के जरिए फायरिंग की पूरी साजिश, घटना में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।शूटर अजीत मंडल की तलाश में छापेमारी
पहले चार कथित साजिशकर्ता हो चुके हैं गिरफ्तार















